CM हेमंत सोरेन की सोनितपुर से गर्जना, बीजेपी को बताया जहरीला सांप.. "असम से इस सांप को ही भगाना है"
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन असम के सोनितपुर में जनता को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए उसे जहरीला सांप बता डाला. कहा कि हमने झारखंड में इस सांप के दांतों को ही तोड़ रखा है..

Assam (Sonitpur): असम विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम हेमंत सोरेन सहित झारखंड की लगभग पूरी कैबिनेट असम की जनता के बीच सभाएं करने में व्यस्त हैं. शनिवार को सीएम हेमंत सोरेन ने सोनितपुर में जनसभा के दौरान जनता को संबोधित किया. वे जेएमएम के प्रत्याशी मैथ्यू टोपनो के समर्थन में जनता सो वोट की अपील करने पहुंचे थे.

उन्होंने चाय बागान में काम करने वालों को मिलने वाले मजदूरी की रकम को लेकर कहा कि ढाई सौ रुपए देश भर में कहीं नहीं मिलती. तंज कसते हुए कहा कि ढाई सौ रुपए में अगर आप बाजार से जहर भी लेने जाएं, तो इतना घटिया क्वालिटी का मिलेगा, जिसे खाकर आप न जी पाएंगे.. न मर पाएंगे. जनता को स्थिति से वाकिफ कराने के लिए उन्होंने कहा कि इतने कम दैनिक भत्ते में आप अपनी आजीविका कैसे चला रहे हैं, यह बेहद चिंताजनक बात है, जिसे यहां की सरकार नजरअंदाज करती चली आ रही है.
उन्होंने बीजेपी को व्यापारियों की सरकार बताते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ उद्योगपतियों के हित में कार्य करती आई है, यह आदिवासियों व मजदूरों के विकास और समृद्धि के लिए काम नहीं कर सकती.
उन्होंने आदिवासियों के इतिहास को लेकर कहा कि असम आकर आदिवासियों ने असम को तो अपना लिया, लेकिन असम ने आदिवासियों को नहीं अपनाया. उन्होंने जेएमएम को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि हम आपको आपका हक दिलाएंगे. साथ ही मुफ्त बिजली भी देने का भी वादा किया.
हेमंत सोरेन ने आदिवासियों को असम के चाय बागान और चाय उद्योग की जान बताया. उन्होंने कहा कि 9 हजार देकर आपको बीजेपी खरीदना चाहती है, जिस पैसे से आपकी आजीविका वहन नहीं होने वाली. भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ चुनाव जीतने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिसे समझने और इससे बचने की जरूरत है.
भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए झारखंड सीएम ने पूरी पार्टी को जहरीला सांप बता दिया. कहा कि झारखंड में हमने इनके दांतों को ही तोड़ रखा है, जिससे वे जहर नहीं फैला पाते. वहीं असम चुनाव पर उन्होंने कहा कि यहां से पूरे सांप को ही भगाने की आवश्यकता है.
रिपोर्ट: नवीन शर्मा
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.








