Kaimur (Bihar): बिहार के कैमूर जिले में एक चीता भटकता हुआ दिखा है. जिसकी खबर मिलने के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल फैल गया है. पूरा मामला जिले के भगवानपुर थाना इलाके का है जहां पहाड़ी स्थित मुसहरवा बाबा घाटी में रविवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच एक चीता को टहलता हुआ देखा गया. इसकी खबर जैसे ही लोगों को मिली वे भय और दहशत में हैं.
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय राहगीरों ने संध्या गश्ती पर मौजूद थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा को चीता देखे जाने की सूचना दी. जिसके बाद तुरंत थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे झाड़ी में बैठे चीते को उन्होंने देखा. इस दौरान टॉर्च की रोशनी और लोगों की आहट पाकर चीता झाड़ियों की तरफ चला गया. 
मौके पर थानाध्यक्ष ने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी. मामले में फॉरेस्टर प्रतिभा भारती ने बताया कि उन्हें भी चीता देखे जाने की सूचना मिली है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वन विभाग द्वारा जंगल में कोई भी चीता या बाघ नहीं छोड़ा गया है और जंगल जानवरों का ही प्राकृतिक निवास स्थान है.
चीते की खबर से कैमूर की तलहटी में बसे गांवों के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है. थानाध्यक्ष ने घाटी की ओर मवेशी चराने जाने वाले चरवाहों और अंधेरे में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वालों से सावधानी बरतने और अंधेरे में घाटी की ओर जाने से बचने की अपील की है.
आपको बता दें, यह सड़क अधौरा और उत्तर प्रदेश के रास्ते कैमूर जिला मुख्यालय तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग है. जिसपर 24 घंटे सैकड़ों लोग दोपहिए वाहनों से आवागमन करते हैं. वहीं, घाटी में चीते की मौजूदगी से राहगीरों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है
रिपोर्ट- अजीत कुमार









