Jharkhand (Ranchi): राजधानी स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने छापेमारी की. आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आई CBI की टीम ने चेरी मनातू स्थित कैंपस पहुंचकर जांच की प्रक्रिया शुरू की. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पुराने वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी जांच का हिस्सा है.
सूत्रों के अनुसार, भवन निर्माण फंड के आवंटन और यूनिवर्सिटी में की गई नियुक्तियों में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर जांच की जा रही है. सीबीआई अधिकारियों ने पहुंचते ही यूनिवर्सिटी कार्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए और सभी को वहीं रुकने का निर्देश दिया.
टीम ने यूनिवर्सिटी के दूसरे तल पर स्थित वित्त एवं प्रशासनिक शाखा से दर्जनों फाइलें खंगालीं. सीबीआई ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है.
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सीबीआई ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छापेमारी की हो. इससे पहले भी एजेंसी ने यहां वित्तीय लेन-देन और भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर कार्रवाई की थी.
सीबीआई की अचानक कार्रवाई से यूनिवर्सिटी कैंपस में हड़कंप मच गया. उस समय छात्र अपने-अपने क्लासरूम में पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन जैसे ही खबर फैली, पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.








