पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर गिरिडीह में भाजपा की बड़ी बैठक, पूर्व सांसद ने पदाधिकारियों को दिया 24 घंटे प्रवास का निर्देश
गिरिडीह भाजपा जिला कार्यालय में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने संगठन मजबूती और आगामी पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति तय की.

Giridih News : भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में दुमका के पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन उपस्थित थे. बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया और सभी मंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में 24 घंटे का अनिवार्य प्रवास करने का निर्देश दिया, ताकि शक्ति केंद्र के संयोजकों और बूथ अध्यक्षों के साथ मिलकर रणनीति तैयार की जा सके. उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर सामाजिक और जिताऊ छवि वाले नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा मतदाता सूची (एसआईआर) पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ-2 कार्यकर्ताओं को मुस्तैद रहने की बात कही, ताकि किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम न छूटे. इस दौरान जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने सभी मंडलों में 7 जुलाई तक बैठकें संपन्न करने और रविवार को प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को अधिक से अधिक बूथों पर आयोजित करने का निर्देश दिया. महानगर महामंत्री संदीप डांगेच द्वारा संचालित और सिकंदर हेमब्रम के धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, देवराज, संगीता सेठ, सुरेश मंडल, संत कुमार लल्लू, राजेश जायसवाल, रंजीत बरनवाल और अजय सिंह सहित दर्जनों प्रमुख नेता व मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे.
(गिरिडीह से मनोज की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









