Bihar: निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बगहा के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद ऑपरेशन के क्रम में ही महिला की मौत हो जाती है. परिजन महिला के पति व परिवार पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. वहीं नवजात बच्चे के भी लापता होने की बात बताई जा रही है.

Bihar (West Champaran): बगहा के रामनगर नगर क्षेत्र के नेपाली टोला स्थित संजीवनी हेल्थ केयर नामक निजी अस्पताल में एक नवविवाहिता की ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान चौतरवा थाना क्षेत्र के रायबारी महुआ निवासी इमरान अंसारी की पत्नी सोनी खातून के रूप में की गई है.
वहीं महिला के मायके पक्ष के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने अस्पताल के चिकित्सक के साथ मिलकर साजिशन सोनी खातून की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि प्रसव के लिए ऑपरेशन किया गया था, जिसके बाद महिला की मौत हो गई. वहीं, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ऑपरेशन के दौरान जन्मे नवजात शिशु को ससुराल पक्ष के परिजनों द्वारा लेकर फरार होने की बात बताई जा रही है. जिससे मामला और गंभीर हो गया.
मृतका के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि दहेज में 20 लाख रुपये की गाड़ी की मांग को लेकर पति द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस थाना अध्यक्ष दीपक कुमार अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
बताया जाता है कि उक्त निजी क्लिनिक का संचालन कथित झोलाछाप नंदलाल यादव द्वारा किया जाता है. वहीं अस्पताल प्रबंधन के सभी कर्मी अस्पताल को बंद कर फरार हो गए हैं. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंतिम परीक्षण हेतु अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की बात कही जा रही है.
रिपोर्ट: संदीप
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सहरसा में गैस एजेंसियों पर उमड़ रही भारी भीड़, प्रशासन ने कहा- 70 दिन का स्टॉक सुरक्षित

मध्यप्रदेश में 2 बेटियां होने से नाराज पति ने फोन पर पत्नी को दिया 3 तलाक, ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज






