तीरंदाजी में बड़े मुकाबले का आगाज!, बोकारो पहुंचे अर्जुन अवार्डी और 2025 के वर्ल्ड चैंपियन
बोकारो के मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में बुधवार से द्वितीय NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज हो गया।

Bokaro: बोकारो के मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में बुधवार से द्वितीय NTPC राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज हो गया। 27 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के दिग्गज तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी अपने निशाने का दम दिखा रहे हैं।
अर्जुन अवार्डी रजत चौहान भी मैदान में
प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्डी और राजस्थान सरकार में DSP के पद पर कार्यरत रजत चौहान भी हिस्सा लेने बोकारो पहुंचे हैं। उनके अलावा अर्जुन अवार्ड से सम्मानित और दो बार के वर्ल्ड चैंपियन कंपाउंड आर्चर अभिषेक वर्मा भी प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं। अभिषेक वर्मा एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीत चुके हैं।
2025 के वर्ल्ड चैंपियन ऋषभ यादव पर भी नजर
प्रतियोगिता में 2025 के वर्ल्ड चैंपियन गोल्ड मेडलिस्ट ऋषभ यादव भी आकर्षण का केंद्र हैं। कंपाउंड आर्चरी में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल ऋषभ यादव फिलहाल विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर हैं।
ऐसे में बोकारो में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के कई अनुभवी और युवा तीरंदाजों के प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों की नजर रहेगी।
एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स पर खिलाड़ियों की नजर
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों का अगला बड़ा लक्ष्य एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतना है। खिलाड़ियों का कहना है कि झारखंड की मिट्टी में तीरंदाजी की प्रतिभा पहले से मौजूद है। यही वजह है कि राज्य से निकलने वाले कई तीरंदाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
खिलाड़ियों के मुताबिक बोकारो जैसे आयोजन उन्हें मजबूत प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी तैयारी परखने और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का मौका देते हैं।
खेलों को बढ़ावा मिलने से बढ़ रहे अवसर
तीरंदाजों ने कहा कि सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया का बजट बढ़ने से जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिल रही है।
खिलाड़ियों का कहना है कि खेलों में बेहतर अवसर मिलने के साथ रोजगार और नियोजन के रास्ते भी खुल रहे हैं। इससे युवाओं का खेलों की ओर रुझान बढ़ रहा है।
युवाओं को दिया मेहनत का संदेश
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने युवाओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और लगातार मेहनत करने का संदेश दिया। उनका कहना है कि जुनून और लगन के साथ आगे बढ़ने पर खेल के जरिए देश का नाम रोशन करने के साथ-साथ अपना भविष्य भी संवारा जा सकता है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






