पाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नक्सली बनकर 50 लाख की लेवी मांगने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
बीते 14 मई की रात बीजीआर कोल माइन्स कंपनी की कंस्ट्रक्शन साइट पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की.

Pakur/Jharkhand (Report By- Nand Kishor Mandal): पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगने वाले दो स्थानीय बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपियों ने बीजीआर कोल कंपनी की निर्माण साइट पर पहुंचकर खुद को नक्सली बताकर दहशत फैलाने की कोशिश की थी.
जानकारी के अनुसार, बीते 14 मई की रात बीजीआर कोल माइन्स कंपनी की कंस्ट्रक्शन साइट पर दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की. कंपनी बरदाहा गांव के पास इकड़ी नाला पर पुल निर्माण का कार्य करा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
मामले को गंभीरता से लेते हुए अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 34/ 26 दर्ज किया गया. पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच तेज करते हुए कई संदिग्धों से पूछताछ की.
जांच के दौरान पुलिस ने अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़दाहा निवासी चांद हांसदा उर्फ चुटरोय तथा पचुवाड़ा निवासी चानुस सोरेन को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार किसी संगठित गिरोह या नक्सली नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं. इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में लेवी और रंगदारी के नाम पर दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









